नवम्बर 17, 2026 4:53 अपराह्न

printer

उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मसौदा मतदाता सूची जारी

उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मसौदा मतदाता सूची आज जारी कर दी गई है। इस सूची पर दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकती हैं। मसौदा मतदाता सूची के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद राज्य में मतदाताओं की संख्या में लगभग 18,84,000 की बढ़ोतरी हुई है। 
 
अब राज्य में कुल 13,58,68,905 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 7,38,58,510 हो गई है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या बढ़कर 6,20,6,353 हो गई है।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि दावे और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के अंतर्गत राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 21, 22, 28 और 29 नवम्‍बर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी मसौदा मतदाता सूची और आवेदन पत्रों के साथ मौजूद रहेंगे तथा मतदाताओं की सहायता करेंगे। 
 
उन्होंने बताया कि नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले पात्र भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए और नाम हटाने तथा आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 भरा जा सकता है। वहीं, नाम या पते में सुधार, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।