कर्नाटक में श्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद विधान सौध में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में डी.के. शिवकुमार को नया नेता चुना गया है। इस संबंध में, विधायकों ने सिद्धारमैया और डॉ. जी. परमेश्वर द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पारित किया। डी.के. शिवकुमार के कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुष्टि की गई है कि विधायकों ने उन्हें अपना नेता और अगला मुख्यमंत्री चुना है। श्री शिवकुमार को नेता चुने जाने के प्रस्ताव को पारित करने के बाद, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बैठक में पार्टी विधायकों को आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी दी।
श्री वेणुगोपाल ने बाद में बेंगलुरु में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए घोषणा की कि डी.के. शिवकुमार को पार्टी विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया है और वे राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शपथ ग्रहण समारोह 3 जून को आयोजित किया जाएगा।