जुलाई 2, 2026 7:30 अपराह्न | Special Intensive revision

printer

दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 32 हजार से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण

दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अब तक 32 हजार से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है। दिल्‍ली में अब तक करीब नौ लाख 99 हजार प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में आज दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी और बूथ स्तरीय अधिकारी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र प्रस्तुत करके प्राप्त किया। इसके साथ ही दिल्ली कैंट के उप-मंडल मजिस्ट्रेट और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने चुनाव आयुक्त विवेक जोशी से विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र प्रस्तुत किया और प्राप्त किया।

दिल्‍ली में 13 हजार से अधिक बूथ स्तर अधिकारी इस महीने की 29 तारीख तक घर-घर जाकर मतदाता सूची के सत्यापन और अद्यतन के लिए वर्तमान मतदाताओं को पहले से छपे दो-दो प्रपत्र वितरित करेंगे। इसी क्रम में बूथ स्तर अधिकारियों ने आज रिठाला, आर के पुरम, महरौली और मंगोलपुरी सहित राजधानी के अन्‍य स्‍थानों पर घर-घर गणना प्रपत्र वितरण का कार्य किया।