जून 26, 2026 7:39 अपराह्न

printer

दिल्ली: शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने किया गाज़ीपुर लैंडफिल साइट का निरीक्षण

दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने आज गाज़ीपुर लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली नगर निगम और कार्य निष्पादन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लेगेसी कचरे के निस्तारण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि वर्तमान में गाज़ीपुर में प्रतिदिन लगभग 7 हज़ार मीट्रिक टन कचरे की बायोमाइनिंग की जा रही है।

श्री सूद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 जुलाई तक प्रतिदिन की क्षमता बढ़ाकर 12 हज़ार मीट्रिक टन की जाए तथा इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्पष्ट जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए श्री सूद ने कहा कि गाज़ीपुर लैंडफिल परियोजना की अब साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी।

मंत्री आशीष सूद ने बताया कि 7 मार्च 2025 को फेज-II के अंतर्गत 30 लाख मीट्रिक टन लेगेसी कचरे की बायोमाइनिंग का कार्य आवंटित किया गया था, जिसे इस वर्ष सितंबर तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है। श्री सूद ने कहा कि फेज-II के अंतर्गत अब तक लगभग 24 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया जा चुका है तथा लगभग 20 एकड़ भूमि कूड़ा मुक्त हो चुकी है।