दिल्ली यातायात पुलिस ने आज राजघाट पर गांधी जयंती और विजय घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात परामर्श जारी किया है। उसने कहा है कि कार्यक्रम की सुगमता तथा यातायात और पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारु एवं सुरक्षित रखने के लिए राजघाट, रिंग रोड और आसपास की सड़कों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
यातायात पुलिस ने बताया कि कल सुबह 5 बजे से दिन में 11 बजे के बीच यातायात नियंत्रित या परिवर्तित किया जा सकता है।
आज के कार्यक्रम से प्रभावित मार्गों में रिंग रोड पर राजघाट से सलीमगढ़ वाई-पॉइंट की ओर आई.एस.बी.टी. कश्मीरी गेट, निषाद राज मार्ग और राजा राम कोहली मार्ग शामिल हैं। यातायात पुलिस ने लोगों को अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने और अतिरिक्त यात्रा समय रखने की सलाह दी है। उसने प्रभावित सड़कों और मार्गों से जहां तक संभव हो बचने तथा दिल्ली मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्राथमिकता देने की भी सलाह दी है।