दिल्ली पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने कूरियर डिलीवरी के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि कूरियर डिलीवरी के बहाने आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ 2 लाख 47 हजार की धोखाधड़ी की।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था, जिसने खुद को एक कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताया। आरोपी ने पीड़ित को झांसे में लेकर उसके मोबाइल पर एक विशेष नंबर डायल करवा दिया। ऐसा करते ही पीड़ित के फोन पर कॉल और मैसेज फॉरवर्डिंग एक्टिवेट हो गई। इसके बाद पीड़ित के बैंक खातों से जुड़े सभी ओटीपी और मैसेज आरोपी के पास जाने लगे, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने खाते से पैसे निकाल लिए। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और खातों की जांच कर रही है।