दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने आज डिस्ट्रिक्ट पार्क, पश्चिम विहार से जल संचय अभियान की शुरुआत की। यह कार्यक्रम दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया गया था जिसका उद्देश्य 30 अगस्त तक राजधानी में 101 महत्वपूर्ण जल निकायों को पुनर्जीवित करना है।
इस पहल के पहले चरण में, लगभग 383 एकड़ के क्षेत्र में फैले 101 पहचाने गए जल निकायों का पुनरुद्धार किया जाएगा। इनमें द्वारका ज़ोन के 22, दक्षिण ज़ोन के 13, रोहिणी ज़ोन के 17 और नरेला ज़ोन के 06 जल निकाय शामिल हैं।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए, उपराज्यपाल ने शहर में दीर्घकालिक जल सुरक्षा, भूजल पुनर्भरण और पारिस्थितिक संतुलन सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली के पारंपरिक जल निकायों को पुनर्जीवित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल सौंदर्यीकरण का एक प्रयास मात्र नहीं है, बल्कि पारिस्थितिक बहाली और सतत शहरी विकास की दिशा में एक केंद्रित प्रयास है।
साथ ही, उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिेया कि वे निर्धारित समय-सीमाओं का कड़ाई से पालन करें और सभी जीर्णोद्धार स्थलों पर कार्य-निष्पादन के उच्चतम मानकों को बनाए रखें। श्री संधू ने लोगो से जन भागीदारी के माध्यम से इस अभियान में शामिल होने और एक अधिक हरित व जल-सुरक्षित विकसित दिल्ली के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान भी किया।