दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा विकास के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार हमारे स्मारक, हमारा गौरव योजना के अंतर्गत दिल्ली मुख्यमंत्री स्मारक अभिग्रहण योजना और दिल्ली मुख्यमंत्री विरासत नवोत्थान योजना शुरू कर रही है। श्रीमती गुप्ता ने जानकारी दी कि दिल्ली मुख्यमंत्री स्मारक अभिग्रहण योजना के अंतर्गत सार्वजनिक उपक्रम, निजी कंपनियां, ट्रस्ट संस्थाएं और इच्छुक नागरिक स्वैच्छिक योगदान के माध्यम से सरकार के ऐतिहासिक स्मारकों को गोद ले सकेंगे। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि ये सहयोगी स्मारक मित्र कहलाएंगे। जो स्मारक पर साफ-सफाई, सुरक्षा, लाइट एंड साउंड जैसी पर्यटक सुविधाओं के संचालन का पूरा खर्चा स्वयं वहन करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली मुख्यमंत्री विरासत नवोत्थान योजना के अंतर्गत पात्र संस्थाओं को अधिकतम दो करोड़ रुपए तक का अनुदान दिया जा सकेगा। इस योजना का लाभ राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पंजीकृत स्वैच्छिक संगठन, विश्वविद्यालय और केंद्र तथा राज्य सरकारों के स्वायत्त संस्था प्राप्त कर सकेंगे। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इन दोनों योजनाओं से कुशल, अर्द्ध कुशल और पेशेवर रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ-साथ पारंपरिक शिल्पों को बढ़ावा मिलेगा।
News On AIR | जून 30, 2026 8:11 अपराह्न
दिल्ली: हमारे स्मारक, हमारा गौरव योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्मारक अभिग्रहण योजना की शुरुवात