जून 26, 2026 7:42 अपराह्न

printer

दिल्ली सरकार, एसजीएफआई और आईएसएफ ने किए ऐतिहासिक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर

दिल्ली सरकार, भारतीय विद्यालय खेल महासंघ (एसजीएफआई) और अंतरराष्ट्रीय विद्यालय खेल महासंघ (आईएसएफ) के बीच आज एक ऐतिहासिक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री आशीष सूद की उपस्तिथि में किया गया यह समझौता अगले वर्ष आयोजित होने वाली आईएसएफ अंतरराष्ट्रीय विद्यालय रेसलिंग प्रतियोगिता और आईएसएफ अंतरराष्ट्रीय विद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता की मेजबानी के संबंध में किया गया।

इस अवसर पर अपने सम्बोधन में श्री सूद ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आयोजन में 50 देश और लगभग 1 हजार से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारतीय खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने, उनके प्रदर्शन को बेहतर करने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मदद करेगा। श्री सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने और राजधानी को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।