दिल्ली की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ए.सी.बी.) ने दवा और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित गड़बड़ी के मामले में तत्कालीन महानिदेशक स्वास्थ्य सेवा डॉक्टर वत्सला अग्रवाल और केंद्रीय खरीद एजेंसी के उप नियंत्रक लेखा नीरज चोपड़ा को गिरफ्तार किया है।
ए.सी.बी. के अनुसार, यह मामला दवाओं, सर्जिकल सामान और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच एजेंसी को इस संबंध में दिल्ली के सतर्कता निदेशालय से शिकायत मिली थी।
जांच में सामने आया है कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों, दवाओं और दूसरे चिकित्सा सामान की खरीद कथित तौर पर तय प्रक्रिया में गड़बड़ी करके ऊंची कीमतों पर की गई। एजेंसी का कहना है कि खरीद से जुड़े प्रस्ताव, टेंडर की मंजूरी और भुगतान की प्रक्रिया अलग-अलग स्तरों पर पूरी की गई। मामले की जांच जारी है।