दिल्ली में घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदाता गणना प्रपत्र वितरित करने का कार्य कल से शुरू होगा। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बूथ स्तरीय अधिकारी- बीएलओ कल से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और पात्र मतदाताओं से पूर्ण रूप भरे हुए आवेदन पत्र एकत्र करेंगे।
श्री कुमार ने कहा कि दावे और आपत्तियाँ 5 अगस्त से 4 सितंबर के बीच दाखिल की जा सकती हैं। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदाता www.voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन भी गणना प्रपत्र भर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि वे बीएलओ का सहयोग करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने प्रपत्र जमा करें।