जुलाई 10, 2026 6:09 अपराह्न | Delhi Clean Air Program.

printer

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली क्लीन एयर प्रोग्राम का शुभारंभ किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत ‘स्वच्छ हवा, स्वस्थ दिल्ली’ ओरिएंटेशन कार्यशाला का उद्घाटन किया। विश्व बैंक और पर्यावरण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आठ हजार 300 करोड़ रुपये का सात वर्षीय यह कार्यक्रम, राजधानी में वायु प्रदूषण से प्रभावी ढंग से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

    एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम की 65 प्रतिशत वित्तीय सहायता विश्व बैंक और 35 प्रतिशत योगदान दिल्ली सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से वायु गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा तथा तकनीक आधारित निगरानी, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वच्छ वायु के लिए व्यापक कार्ययोजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा की इसके अंतर्गत नई ईवी नीति, इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार, 32 हजार ईवी चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करना, धूल और खुले में कचरा जलाने पर सख्त नियंत्रण, 70 लाख पौधरोपण अभियान तथा यमुना के पुनर्जीवन जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।