रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक के साथ एकीकृत करने पर बल दिया है। नोएडा में एक लैब का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि जिस तरह शहरों की संख्या बढ़ रही है, उसी के अनुरूप देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार होना चाहिए।
श्री सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सक्षम भारत का निर्माण, विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था का उद्देश्य केवल बीमारियों का इलाज करना नहीं होना चाहिए, बल्कि बीमारियों की रोकथाम समय रहते उनकी पहचान और स्वास्थ्य देखभाल पर भी अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि निदान चिकित्सा में भी आज उल्लेखनीय परिवर्तन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, आधुनिक मेडिकल इमेजिंग, आणविक जांच, जीनोमिक्स, डिजिटल पैथोलॉजी और डेटा आधारित स्वास्थ्य सेवाएं बीमारियों की जांच और उपचार के तरीके को तेजी से बदल रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं में भी नई तकनीक को शामिल कर रही है।