अगस्त 30, 2026 9:58 पूर्वाह्न

printer

नेपाल में आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 675 हुई, लगभग 2400 लोग अभी भी लापता

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 675 हो गई है। लगातार बारिश के बीच राहत और बचाव कार्य जारी है। करीब 2400 लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें 320 से ज्यादा विदेशी नागरिक शामिल हैं।

अब तक 4004 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। राहत और बचाव कार्यों में 15 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। हेलीकॉप्टरों के जरिए लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत सामग्री पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कहा है कि सरकार की पहली प्राथमिकता हर नागरिक की जान बचाना है। वहीं, लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। मौसम विभाग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में और बारिश और गरज के साथ तूफान की चेतावनी दी है।

इस बीच, काठमांडू को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ने वाला मुगलिंग-काठमांडू राजमार्ग कल फिर खोल दिया गया। हालांकि, कई अन्य सड़कें अब भी बंद हैं।