अक्टूबर 22, 2026 11:41 पूर्वाह्न

printer

सहकारिता मंत्री अमित शाह ने त्रिभुवनदास पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज श्वेत क्रांति के अग्रदूत और सहकारी आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार त्रिभुवनदास पटेल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि सरदार पटेल के मार्गदर्शन में त्रिभुवनदास पटेल ने 1946 में खेड़ा जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ की नींव रखी थी। आज यही पहल अमूल के विशाल वटवृक्ष के रूप में विकसित हो चुकी है और 36 लाख से अधिक किसानों तथा लाखों बहनों की समृद्धि का आधार बनी है।

उन्होंने कहा कि त्रिभुवनदास पटेल के नाम पर गुजरात के आनंद में देश का पहला राष्ट्रीय सहकारी विश्वविद्यालय, त्रिभुवनदास सहकारी विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। यह विश्वविद्यालय सहकारिता क्षेत्र को प्रशिक्षित नेतृत्व प्रदान करता है।

श्री शाह ने कहा कि त्रिभुवनदास पटेल का जीवन और सहकारिता के प्रति उनका समर्पण हमेशा ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता रहेगा।