वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कल से 24 अक्टूबर तक जर्मनी के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इसके बाद, वे 24 से 27 अक्टूबर तक नीदरलैंडस की यात्रा करेंगे। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों यूरोपीय देशों के साथ भारत के आर्थिक संबंधों को मजबूत करना, द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देना और औद्योगिक व तकनीकी सहयोग का विस्तार करना है।
मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के पहले चरण में श्री गोयल बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में हिस्सा लेंगे। वे जर्मनी के शीर्ष अधिकारियों के साथ व्यापार, निवेश, उन्नत विनिर्माण, ग्रीन मोबिलिटी और स्वच्छ प्रौद्योगिकी जैसे मुद्दों पर द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की वार्ताओं के तहत सहयोग के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अपनी नीदरलैंड यात्रा के दौरान, श्री गोयल अपने समकक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें करेंगे, जहाँ हरित प्रौद्योगिकी और व्यापार के नए अवसरों को तलाशने पर चर्चा होगी।