चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उनके साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रायज़ेनकोफ आज नई दिल्ली पहुंचे। वे यहाँ 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए हैं। भारत और बेलारूस के संबंध प्रगाढ़ और मैत्रीपूर्ण हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय और बहुपक्षीय स्तर पर सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
वियतनाम के प्रधानमंत्री ली मिन्ह हंग भी शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। हवाई अड्डे पर नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने उनका स्वागत किया। भारत और वियतनाम के बीच उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा, फिनटेक, महत्वपूर्ण खनिजों तथा अन्य उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों देश बहुपक्षीय सहयोग के क्षेत्र में भी मिलकर काम कर रहे हैं।
इससे पहले, आज ही सुबह विश्व स्वास्थ्य संगठन – डब्ल्यू एच ओ के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधनॉम घेब्रियसस भी इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनका यह दौरा साझा प्रगति और समृद्धि के लिए स्वास्थ्य से जुड़े वैश्विक सहयोग के महत्व को रेखांकित करता है।