मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज अंतराष्ट्रीय संसदीय दिवस के अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीमती गुप्ता ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र जन-प्रतिनिधित्व, संवाद और जनभागीदारी की मजबूत नींव पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर है।
वहीं, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी सभी जनप्रतिनिधियों को अंतराष्ट्रीय संसदीय दिवस की शुभकामनाएं दीं। श्री गुप्ता ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र संवाद, सहमति और उत्तरदायित्व की सशक्त परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विधानमंडल जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने, संविधान की मूल भावना के अनुरूप जनकल्याणकारी नीतियों का मार्ग प्रशस्त करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने का सर्वोच्च मंच है।