केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सी बी आई) ने 231 करोड़ रुपये से अधिक के दो बैंक धोखाधड़ी मामलों के संबंध में आज तलाशी अभियान चलाया। यह तलाशी महाराष्ट्र और गुजरात के कई स्थानों पर की गई। पहला मामला मुंबई स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत के आधार पर आर. एल. ज्वेल्स लिमिटेड के निदेशकों और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज किया गया था। शिकायत में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, संपत्ति का गबन और जालसाजी सहित कई आरोप लगाए गए थे। दूसरा मामला केनरा बैंक की शिकायत के आधार पर आशापुरा गारमेंट्स लिमिटेड के निदेशकों और एक अज्ञात निजी व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया गया था। इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने अपने कपड़ा व्यवसाय के लिए आवंटित बैंक ऋण सुविधाओं का दुरुपयोग किया और उन्हें गैर-औद्योगिक लेनदेन में लगा दिया। तलाशी के दौरान धन के गबन और जांच से संबंधित अन्य सामग्री, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए।
News On AIR | जुलाई 4, 2026 5:39 अपराह्न
सीबीआई ने महाराष्ट्र और गुजरात में बैंक धोखाधड़ी मामलों में की छापेमारी