भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कन्याकुमारी में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नागरकोइल के वेप्पामूडु से वडासेरी तक एक किलोमीटर रोड शो करेंगे। ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी के महासचिव ईडापड्डी पलनीसामी और भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी उनके साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार तेज़ हो गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं का समर्थन प्राप्त करने के लिए रैलियां, रोड शो, जनसभा और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। आज तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में रोड शो किया। बाद में वे जलपाईगुड़ी जिले के मंगल बारी बाजार से चालसा तक रोड शो करेंगी और जनसभा को भी संबोधित करेंगी। इससे पहले उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर लाखों लोगों को उनके मताधिकार से वंचित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग कभी भी बुलडोजर शासन को स्वीकार नहीं करते।
इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी नेता और गृह मंत्री अमित शाह भी आज उत्तर बंगाल में हैं और उन्होंने पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में चार जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर बंगाल के विकास से संबंधित पार्टी के घोषणापत्र की याद दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के शासन में उत्तर बंगाल पूरी तरह से उपेक्षित और विकास से वंचित है।
कल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मालदा में एक जनसभा को संबोधित किया। उत्तर बंगाल के आठ जिलों में 54 सीटें हैं। इन सीटों पर पहले चरण का चुनाव 23 अप्रैल को होगा।