प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आज देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरु किया गया है। इसको लेकर शाम को आयोजित होने वाले ‘हर घर दीया’ प्रज्वलन कार्यक्रम ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ विशेषकर जींद सहित देश भर के पारंपरिक माटी-शिल्पियों और कुम्हारों के जीवन में एक नई ऊर्जा भर दी है।
हरियाणा के जिला जींद के पारंपरिक माटी शिल्पकारों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर दीये जलाने की इस मुहिम ने हमारी कला को एक नई पहचान और आत्मनिर्भरता दी है। दीपावली से काफी पहले ही हमारे द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के दीयों की बिक्री कई गुना बढ़ गई है। हजारों की संख्या में बनाए गए दीये हाथों-हाथ बिक रहे हैं, जिसने हमारे परिवारों में दीपावली जैसा माहौल बना दिया है। भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश धरातल पर सार्थक सिद्ध हो रहा है। कारीगरों का कहना है कि यह निर्णय देश के हस्तशिल्पियों को उनके घर-द्वार पर ही बेहतर आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में एक बेहद सराहनीय कदम है।इसके लिए हम प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं और उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।