सितम्बर 17, 2026 9:33 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने पर देश भर में एक महीने तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान शुरू हुआ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा का महीने भर चलने वाला राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ आज से शुरू हो गया है। अगले महीने की 17 तारीख तक चलने वाले इस ‘सेवा संकल्प अभियान’ के हिस्से के रूप में अभियान के पहले दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत देश भर में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। श्री नवीन ने पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ स्‍वयं भी रक्तदान किया। इस अवसर पर संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा प्रमुख ने कहा कि देश भर में पार्टी कार्यकर्ता इन रक्तदान शिविरों में भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नागरिकों के जीवन में व्यापक बदलाव आया है। श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खाटू श्याम मंदिर में हवन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जनसेवा पर श्री मोदी के निरंतर बल से प्रेरित होकर, दिल्ली सरकार ने आज विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया है।