नवम्बर 12, 2026 9:12 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र में 11 से 18 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा गौरव दिवस सप्ताह का आयोजन

महाराष्ट्र सरकार जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 11 से 18 नवंबर तक पूरे राज्य में भगवान बिरसा मुंडा गौरव दिवस सप्ताह आयोजित कर रही है। राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि इस सप्ताह के दौरान अनुसूचित जनजातियों के सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
 
13 नवंबर को न्यूक्लियस बजट योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को चेक वितरित किए जाएंगे। महिला स्वयं सहायता समूहों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा और नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
 
14 नवंबर को राज्यभर में जनजातीय स्मारकों की साफ-सफाई की जाएगी और उन्हें रोशनी से सजाया जाएगा। 15 नवंबर को जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर गढ़चिरौली में राज्य स्तरीय समारोह होगा, जिसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। जनजातीय समुदायों के संतों और आध्यात्मिक गुरुओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
 
कार्यक्रम के तहत 16 नवंबर को आधार और सरकारी दस्तावेजों से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। 17 नवंबर को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जागरूकता शिविर आयोजित होंगे।
 
श्री शेलार ने बताया कि 18 नवंबर को जनजातीय आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक सशक्तिकरण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।