मई 23, 2026 6:23 अपराह्न

printer

पश्चिम बंगाल में जुलाई से लागू होगी आयुष्मान भारत योजना

पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना इस वर्ष जुलाई से शुरू होगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ एक वर्चुअल बैठक के बाद इसकी घोषणा की। राज्य की स्वास्थ्य योजना ‘स्वास्थ्य साथी’ के तहत मौजूदा लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाएगा। आयुष्मान भारत आरोग्य मंदिर के संबंध में समझौता ज्ञापन पर जून में नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए जाएंगे।

श्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की संख्या मौजूदा 117 से बढ़ाकर 469 करने के संबंध में केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि केंद्र सरकार द्वारा पश्चिम बंगाल के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 2 हजार 103 करोड़ रुपये और आयुष्मान भारत योजना के तहत 976 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें से 500 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अलीपुरद्वार, कलिम्पोंग और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में नए मेडिकल कॉलेज खोलने और उत्तर बंगाल के लिए एक नए एम्‍स का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।