ऑस्ट्रेलिया ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोले जाने की खबर का स्वागत किया है और कहा है कि वह क्षेत्र में सुरक्षित नौवहन में मदद के लिए सैन्य संसाधन तैनात करने के अनुरोध पर विचार करेगा। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने लेबनान में संघर्ष विराम के दौरान ईरान द्वारा वाणिज्यिक जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति देने की घोषणा को एक सकारात्मक कदम बताया, लेकिन कहा कि स्थिति अब भी नाजुक है। ऊर्जा मंत्री क्रिस बोवेन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने अपने ईंधन भंडार में वृद्धि की है, जिसमें लगभग 46 दिनों का पेट्रोल, 31 दिनों का डीजल और 30 दिनों का जेट ईंधन शामिल है।
ईरान द्वारा संघर्ष विराम के दौरान वाणिज्यिक जहाजरानी के लिए जलडमरूमध्य को पूरी तरह से खोलने की घोषणा का अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भी स्वागत किया है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस परिवहन के लिए जहाज़ों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। हाल के क्षेत्रीय संघर्षों से यह भू-राजनीतिक तनाव का केंद्र बन गया है।