नवम्बर 23, 2026 6:03 अपराह्न

printer

भारत के 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सिनेमा प्रेमी बड़ी संख्या में फिल्मों का आनंद ले रहे हैं

असमिया फिल्म निर्माता अंतरा जी.जी. चौधरी ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के इंडियन पैनोरमा खंड में अपनी पहली निर्देशित फिल्म सूर्यमुखी के चयन पर प्रसन्नता और आभार व्यक्त किया। 
 
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए उन्होंने बताया कि यह फिल्म समकालीन असमिया समाज को दर्शाती है। इसमें युवाओं की पसंद, आकांक्षाओं और मानवीय संबंधों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। फिल्म के शीर्षक के बारे में उन्होंने कहा कि इसका मूल विचार एक-दूसरे का समर्थन करने वाले लोगों के बारे में है, ठीक वैसे ही जैसे सूरजमुखी के फूल उनकी व्याख्या में एकजुटता और आपसी सहयोग का प्रतीक हैं।
 
गोवा को प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए फिल्म सिटी, फिल्म स्कूल और अन्य आवश्यक सुविधाएं स्थापित की जानी चाहिए या फिर प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध स्थान के रूप में इसकी मौजूदा पहचान बनाए रखनी चाहिए। इसी विषय पर आज गोवा में भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान आयोजित गोवा इन सिनेमा नामक मास्टरक्लास में चर्चा हुई।
 
भारत के 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव -इफ्फी में सिनेमा प्रेमी बड़ी संख्या में फिल्मों का आनंद ले रहे हैं। इस वर्ष महोत्सव में सिनेमा को सभी के लिए सुलभ बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। ‘स्वयम’, इफ्फी 2026 को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुलभ और समावेशी बनाने की  जिम्मेदारी भलीभांति निभा रहा है। 
 
स्वयम ने दिव्यांगजनों के लिए सिनेमा का अनुभव बेहतर बनाने के लिए विभिन्न प्रयास किए हैं।
 
स्वयम के प्रमुख भूपेंद्र सिंह ने बताया कि हमारा संगठन प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सुगम्य भारत अभियान के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में सहभागी है। इस अभियान का उद्देश्य देश को सभी के लिए सुलभ बनाना है।
 
यह पहल समावेशिता, समान भागीदारी और प्रत्‍येक सिनेमा प्रेमी के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की महोत्सव की व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 
 
भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान- (आई.आई.सी.टी.) ने कौशल विकास के क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग को मजबूत करने के लिए वाकॉम इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता इस महीने की 21 तारीख को गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव- 2026 के अवसर पर किया गया।
 
इस साझेदारी का उद्देश्य भारतीय विद्यार्थियों को पेशेवर रचनात्मक उपकरणों, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और वैश्विक स्तर पर अनुभव प्राप्त करने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
 
समझौते के तहत, आई.आई.सी.टी. के तीन दो वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों- एनिमेशन फिल्म डिजाइन, इंटरैक्टिव वीडियो गेम डिजाइन और डेवलपमेंट तथा पोस्ट प्रोडक्शन और विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स) में दाखिला लेने वाले 18 विद्यार्थियों को शिक्षण शुल्क में 50 प्रतिशत छात्रवृत्ति दी जाएगी। शहर से बाहर के पात्र विद्यार्थियों को आवास संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
 
इस सहयोग के तहत दिसंबर 2027 तक वाकॉम के नाम से 10 रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा, मंगा, एनीमे और अन्य रचनात्मक विधाओं पर हर तीन महीने में विशेषज्ञ व्याख्यान और मास्टरक्लास आयोजित की जाएंगी। इनमें जापान और भारत के कलाकार तथा विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
 
दोनों संस्थान मिलकर एक वैश्विक विद्यार्थी पोर्टफोलियो प्रदर्शनी भी विकसित करेंगे। इसमें डिजिटल चित्रांकन, कॉन्सेप्ट आर्ट, चरित्र डिजाइन, एनिमेशन और गेम आर्ट से जुड़ी रचनाएं प्रदर्शित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप अपना पोर्टफोलियो तैयार करने में मदद मिलेगी।
 
इस अवसर पर आईआईसीटी के संस्थापक निदेशक डॉ. आशीष कुलकर्णी ने कहा कि युवा रचनाकारों को वैश्विक मंच और नेटवर्क से जोड़ना भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था के विकास के लिए आवश्यक है। आई.आई.सी.टी. भारत का एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी के क्षेत्र में राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र है। इसकी स्थापना सूचना और प्रसारण मंत्रालय, महाराष्ट्र सरकार, फिक्की और भारतीय उद्योग परिसंघ-सीआईआई के सहयोग से की गई है।