असम में लगातार हो रही बारिश से हालात बेहत खराब है। कल बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 10 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 41 हो गई है। राज्य के 40 राजस्व सर्किलों में 64 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित जिलों में राहत और बचाव अभियान जारी हैं। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिन में राज्य भर में मध्यम से तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने निचले और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा प्रशासन के मौसम संबंधी अपडेट और सलाह का पालन करने का आग्रह किया है।
गुवाहाटी में यातायात संबंधी सलाह में यात्रियों से सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है। मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा ने कल सबसे अधिक प्रभावित जिलों चराइदेव, शिवसागर, जोरहाट और गोलाघाट में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और विभिन्न सरकारी विभागों की तैयारियों का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध राहत वितरण, आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।