आंध्र प्रदेश की प्रमुख जन योग पहल योगांध्र-2026 को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है। यह मान्यता पूरे राज्य में योग के व्यापक जन-प्रचार और सफल प्रचार-प्रसार के लिए दी गई है।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के दक्षिण क्षेत्र के संयुक्त सचिव डॉ. उल्लाजी एलियाज़र ने आज विजयवाड़ा में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया।
राज्य के स्वास्थ्य और आयुष मंत्री सत्यकुमार यादव ने बताया कि यह पुरस्कार आयुष विभाग द्वारा प्राप्त किया गया है। इस उपलब्धि का श्रेय अधिकारियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
राज्य ने योगांध्र 2026 के अंतर्गत 1 करोड 5 लाख योग प्रेमियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन प्रतिभागियों की संख्या उम्मीदों से कहीं अधिक रही और एक करोड सात लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम को राज्य में योग प्रशिक्षकों और गुरुओं के विशाल नेटवर्क के साथ-साथ हजारों योग केंद्रों से लाखों प्रतिभागियों का समर्थन प्राप्त था। विभिन्न स्तरों पर बड़े पैमाने पर योग प्रदर्शन और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें से चयनित विजेताओं को बाद में इस पहल को और बढ़ावा देने के लिए योग ब्रांड एंबेसडर नामित किया गया।