जून 8, 2026 9:13 अपराह्न

printer

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र में आग लगने से आठ लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख 

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्‍तनम स्टील प्लांट में आज हुए एक बड़े आग हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। 6 अन्य घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गर्म पिघली हुई धातु ले जाने वाले डिब्बे अचानक लाडल से गिर गए, जिससे तेज़ी से पिघली धातु फैल गई और आग लग गई।
 
हादसे के बाद सुरक्षा कर्मियों, दमकल टीमों और आपातकालीन राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
 
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्‍होंने सोशल मीडिया पर मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और साथ ही दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा  की है।
 
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख जताया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटना की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए।