अक्टूबर 3, 2026 4:29 अपराह्न

printer

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल तंजानिया के लिए रवाना हुए

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल तंजानिया के लिए रवाना हो गया है। प्रतिनिधिमंडल 5 से 9 अक्‍टूबर तक आयोजित होने वाली अंतर-संसदीय संघ-आई.पी.यू की 153वीं सभा और इससे जुड़ी बैठकों में शामिल होगा। प्रतिनिधिमंडल विभिन्न बैठकों, परिचर्चाओं और कार्यशालाओं में हिस्सा लेगा। इनमें वैश्विक महत्व के समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होगी और भारत का पक्ष रखा जाएगा। श्री हरिवंश आई.पी.यू की संचालन परिषद, आम बहस, आपात विषय पर होने वाली बहस और आई.पी.यू अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के साथ संवाद में भाग लेंगे।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य लोकतंत्र और मानवाधिकार, शांति और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, सतत विकास, महिलाओं की भागीदारी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर चर्चा में हिस्सा लेंगे। प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद से मुकाबले, मानसिक स्वास्थ्य, महत्वपूर्ण खनिजों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, भविष्य के रोजगार, समुद्री सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और पर्वतीय तथा समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण जैसे मुद्दों पर भी भारत का पक्ष रखेगा।