केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली में यमुना जीर्णोद्धार के मुद्दे पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। श्री शाह ने कहा कि साफ और स्वच्छ यमुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का संकल्प है और सभी को मिलकर इसको जल्दी पूरा करना है। बैठक में तय किया गया कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष के अंत तक 99 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाये जाएँगे । अब तक 128 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बन चुके हैं।
श्री शाह ने बल देते हुए कहा कि यमुना जीर्णोद्धार परियोजना में कार्य प्रगति की हर 20 दिन में समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली की डेयरियों के अपशिष्ट को यमुना में जाने से रोकने के लिए दिल्ली नगर निगम और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया जाएगा। जिससे अपशिष्ट गोबर गैस और खाद में तब्दील होंगे।
बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली में सिचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।