केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को गोवा में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक पणजी में 11 बजे शुरू हुई। गृह मंत्री गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल शामिल हुए। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, सहयोगात्मक शासन और सदस्य राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अंतरराज्यीय परिषद सचिवालय तथा बैठक में भाग ले रहे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधिमंडल प्रस्तुतियां भी देंगे।
गृह मंत्री शनिवार को गोवा पहुंचे थे। उन्होंने नशामुक्त देश के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण बैठक की रविवार को अध्यक्षता की थी। उन्होंने ‘विकसित भारत’ पहल के तहत देश से मादक पदार्थों की समस्या को समाप्त करने के लिए एक रूपरेखा की घोषणा की है।
पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद में गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के अलावा केंद्रशासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव शामिल हैं। शाह पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष हैं, जबकि गोवा के मुख्यमंत्री फिलहाल इसके उपाध्यक्ष हैं।
राज्यों की ओर से प्रस्तावित मुद्दों पर पहले इस समिति में चर्चा की जाती है। विचार-विमर्श के बाद भी जिन मुद्दों का समाधान नहीं हो पाता, उन्हें विचार के लिए क्षेत्रीय परिषद के समक्ष रखा जाता है।