स्वतंत्रता दिवस से पहले भोपाल में 350 से ज्यादा नावों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ प्रदेश और देश के अलग-अलग हिस्सों से आए वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी, युवा और नागरिक शामिल हुए। नावों पर लहराते तिरंगे आकर्षण का केंद्र रहे।
प्रदेश के कई जिलों में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत यात्राएं और कार्यक्रम हुए। दमोह और मैहर में बड़ी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं, जिनमें जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में स्कूली बच्चों ने जागरूकता यात्रा निकाली। बालाघाट में एनएसएस और एनसीसी के विद्यार्थियों ने तिरंगा रंगोली और चित्र प्रदर्शनी लगाई। झाबुआ में भी देशभक्ति से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगर-मालवा के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने तिरंगा यात्राओं में हिस्सा लिया।