आकाशवाणी, संगीत की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “एआईआर राइजिंग स्टार्स” यानी “एआईआर उभरते सितारे” नामक विशेष संगीत कार्यक्रमों की पहली श्रृंखला शुरू कर रहा है। इस श्रृंखला के तहत देशभर में 17 से 30 नवंबर तक 26 स्थानों पर संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 30 वर्ष से कम आयु के उभरते युवा कलाकार अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
यह पहल आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों का हिस्सा है। इसका उद्देश्य युवा संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और अधिकतम दर्शकों से जोड़ना है। इन कार्यक्रमों का आयोजन शिमला, देहरादून, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, जयपुर, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, इम्फाल, मुंबई, अहमदाबाद, नागपुर, पुद्दुचेरी, जम्मू और गुवाहाटी सहित देश के 26 आकाशवाणी केंद्रों द्वारा किया जाएगा। इस पहल के तहत यूट्यूब पर 15 जनवरी 2027 तक सबसे अधिक देखे जाने वाले तीन कलाकारों को नकद पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
एआईआर राइजिंग स्टार्स के माध्यम से आकाशवाणी का उद्देश्य देश की समृद्ध संगीत परंपरा को युवा पीढ़ी से जोड़ना और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक विशिष्ट राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।