नवम्बर 21, 2026 11:19 पूर्वाह्न

printer

दिल्ली के पालम पुलिस उप-मंडल में ड्रोन और मानवरहित विमान प्रणालियों के संचालन पर 60 दिन का प्रतिबंध

दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकार क्षेत्र में आने वाले पालम पुलिस उप-मंडल में ड्रोन और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों के संचालन पर 60 दिन के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध विमानन सुरक्षा और संभावित आतंकी खतरों को देखते हुए लगाया गया है। पालम के सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप कुमार मीणा की ओर से जारी आदेश में ड्रोन, पैरा-ग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और एयरो-मॉडल सहित सभी मानवरहित विमान प्रणालियों के संचालन पर रोक लगाई गई है।

आदेश में कहा गया है कि ऐसी विश्वसनीय सूचनाएं मिली हैं कि आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए इन उपकरणों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें मानव जीवन तथा सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।

एक अन्य आदेश में दिल्ली पुलिस ने पालम उपमंडल में शादी-विवाह, पार्टियों और अन्य समारोहों के दौरान लेजर किरणों के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध क्षेत्र के फार्महाउस, बैंक्वेट हॉल, होटल, रेस्तरां और अन्य समारोह स्थलों पर लागू होगा। यह कदम इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मिली उन शिकायतों के बाद उठाया गया है जिनमें बताया गया था कि विशेष रूप से विमान उतरते समय लेजर किरणों के कारण पायलटों को देखने में परेशानी होती है।

पुलिस ने कहा कि इस तरह की बाधा से विमान, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। दोनों आदेश 18 नवंबर से लागू हो गए हैं और अगले वर्ष 16 जनवरी तक प्रभावी रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।