केंद्र सरकार ने लोकसभा में बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर में 43,907 मकानों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और उन्हें हितधारकों को सौंप दिया गया है। वहीं पीएमएवाई-यू के दूसरे चरण के अंतर्गत 42,584 मकानों को मंजूरी दी गई है।
सदन में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पीएमएवाई-यू और पीएमएवाई-यू के दूसरे चरण को देश भर के पात्र शहरी लाभार्थियों को बुनियादी नागरिक सुविधाओं से युक्त पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए लागू किया जा रहा है।
श्री मनोहर लाल ने सदन को सूचित किया कि जम्मू-कश्मीर में पीएमएवाई-यू के दूसरे चरण के अंतर्गत 42,584 मकानों को मंजूरी दी गई है, जबकि 3,398 मकानों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। कुल मिलाकर 43,907 मकानों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और हितधारकों को सौंप दिया गया है। इसके लिए केंद्र ने 734 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है, जिसमें से 544 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।