कांगड़ा जिले की बोह घाटी के गढ़गुन और स्पदा गांवों में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस आपदा में पच्चीस घर पूरी तरह नष्ट हो गए जबकि कई अन्य घरों को नुकसान पहुंचा। प्रशासन और स्थानीय निवासियों की सतर्कता के कारण कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने राहत और पुनर्वास प्रयासों की समीक्षा के लिए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया । उपायुक्त ने बताया कि कुल 38 परिवारों के लगभग 200 लोग प्रभावित हुए हैं। गढ़गुन गांव में 12 परिवारों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए जबकि स्पदा गांव में 13 घर पूरी तरह नष्ट हो गए। इसके अतिरिक्त, नौ घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है और 12 अन्य घरों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। कई गौशालाएं मलबे के नीचे दब गईं जिससे पशुधन का नुकसान हुआ। प्रभावित लोगों को स्थानीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्थापित राहत शिविर में ठहराया गया है जबकि कुछ परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहे हैं। प्रशासन ने कपड़े, बर्तन, राशन और अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराई हैं।
News On AIR | जुलाई 23, 2026 5:27 अपराह्न | Kangra cloudburst
हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा में बादल फटने से 25 घर तबाह; राहत और पुनर्वास कार्य जारी