उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन, सराय काले खाँ की ओर स्थित दूसरे प्रवेश द्वार के पुनर्विकास का कार्य शुरू हो गया है। साथ ही नमो भारत फुट ओवर ब्रिज को रेलवे फुट ओवर ब्रिज के साथ जोड़ने और एक अस्थायी बुकिंग कार्यालय की व्यवस्था का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है जिसे मई 2026 में यात्री के लिए खोल दिया गया था। श्री उपाध्याय ने बताया कि यात्री सुरक्षा के हित में और कार्य के सुचारू निष्पादन हेतु, सराय काले खाँ की ओर स्थित रेलवे स्टेशन का मौजूदा प्रवेश और निकास द्वार पुन: तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
कार्य के दायरे में नई सीढ़ी, एस्केलेटर, लिफ्ट का निर्माण, बुकिंग कार्यालय का पुनर्निर्माण, शौचालय सुविधाओं का प्रावधान और फुट ओवर ब्रिज -2 के डेक स्लैब का विस्तार शामिल है। उन्होंने बताया कि कार्य अवधि के दौरान, यात्री नए फुट ओवर ब्रिज के माध्यम से नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर एक और गेट नंबर दो के रास्ते हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक पहुँच सकेंगे। उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे वैकल्पिक प्रवेश द्वार का उपयोग करें और रेलवे प्रशासन का सहयोग करें। उत्तर रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।