लद्दाख में गृह मामलों की संसदीय स्थायी समिति का दो दिवसीय अध्ययन दौरा आज संपन्न हुआ। इस दौरान, समिति के सदस्यों ने द्रास युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और क्षेत्र की विरासत और रणनीतिक महत्व को समझने के लिए ऐतिहासिक हुंडरमन सीमावर्ती गांव का भी दौरा किया। पर्यटन सुविधा केंद्र में करगिल और लद्दाख की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने वाला एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिथि सदस्यों को पारंपरिक स्मृति चिन्हों से सम्मानित किया गया।
इसी बीच, करगिल स्थित लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखून ने संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल से मुलाकात की और जिले से संबंधित प्रमुख विकास मुद्दों को उठाया।
डॉ. अखून ने क्षेत्र में बेहतर संपर्क, बेहतर स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा सुविधाओं तथा मजबूत बुनियादी ढांचे की आवश्यकता पर जोर दिया। समिति के अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि इन चिंताओं को उचित कार्रवाई के लिए संबंधित मंत्रालयों के समक्ष उठाया जाएगा।