जुलाई 11, 2026 9:55 अपराह्न

printer

मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी भारत में अगले चार-पांच दिनों तक भारी वर्षा का अनुमान जताया

मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों में देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। इन इलाकों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा शामिल हैं। इस बीच, विभाग ने कल असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई वाले क्षेत्रों, सिक्किम और बिहार में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो-तीन दिनों में बारिश वाले इलाकों के साथ-साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में कल लू की स्थिति हो सकती है।

आकाशवाणी से बातचीत में मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. नरेश ने कहा कि अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में 12 सेंटीमीटर से ज़्यादा तेज बारिश होने की संभावना है। उन्होंने आज शाम दिल्ली में हल्की बारिश का भी अनुमान व्‍यक्‍त किया है। डॉ. नरेश ने कहा कि किसी भी बड़े कम दबाव वाले सिस्टम के न होने के कारण, अगले छह-सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के ज़्यादातर हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अल-नीनो की स्थिति के कारण देश में कुल मॉनसून बारिश सामान्य से कम हो गई है।