दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आज यमुना के 28 घाटों और तटवर्ती स्थलों पर सफाई अभियान चलाया। इसमें चिल्ला गांव घाट, निजामुद्दीन घाट, सोनिया विहार और कालिंदी कुंज समेत कई घाट शामिल हैं। सफाई अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और 500 से अधिक सामाजिक तथा स्वयंसेवी संगठनों, हजारों स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी की।
श्रीमती गुप्ता ने गीता कॉलोनी घाट पर श्रमदान करते हुए कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाना दिल्ली सरकार तथा समाज– दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि यमुना पुनर्जीवन के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि अमृत योजना के अंतर्गत नजफगढ़ क्षेत्र में आठ सौ 60 करोड़ रुपये की लागत से 12 नए विकेंद्रीकृत अपशिष्ट जल उपचार प्रणाली स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि अपशिष्ट जल को यमुना में जाने से रोका जा सके।