सितम्बर 13, 2026 9:43 अपराह्न

printer

मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बालाघाट में बच्चों की मौत के बाद स्थिति की समीक्षा की

मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने पिछले तीन महीनों में बैगा आदिवासी समुदाय के कई बच्चों की मृत्यु के बाद बालाघाट जिले में स्थिति की समीक्षा की। श्री शुक्ला ने वर्चुअल समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण, प्रसवपूर्व नियमित जांच, अधिक जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की शीघ्र पहचान करने और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव कराने की बात कही। राज्य सरकार ने जिले में 67 नए चिकित्सा अधिकारियों को तैनात किया है और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। दो नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एक उप-स्वास्थ्य केंद्र और दो मोबाइल चिकित्सा इकाइयां स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। श्री शुक्ला ने अधिकारियों को बच्चों के पूर्ण टीकाकरण और जन्मजात रोगों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।