जून 11, 2026 9:30 अपराह्न

printer

मणिपुर के मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक में भाग लिया

मणिपुर के मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने आज नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक में भाग लिया, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की।
 
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से मणिपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति में समग्र रूप से सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास और पुनर्स्थापन पैकेज के तहत आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों – आई.डी.पी का चरणबद्ध पुनर्वास जारी है और अब तक लगभग ग्यारह हजार परिवारों को मणिपुर में पुनर्स्थापित किया जा चुका है। श्री खेमचंद ने बताया कि राज्य शांति की ओर निरंतर अग्रसर है और उनकी सरकार न केवल शांति बहाल करने बल्कि विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास और सुलह का पुनर्निर्माण करने के लिए भी काम कर रही है।
 
म्यांमा में चल रहे संघर्ष से उत्पन्न चुनौतियों की ओर इशारा करते हुए, श्री खेमचंद ने लंबी सीमा के सुदृढ़ प्रबंधन, बेहतर निगरानी प्रणालियों और मादक पदार्थों, हथियारों तथा मानव तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने आज नई दिल्ली में आयोजित राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एनडीए सम्मेलन में भी भाग लिया।