मध्य प्रदेश के भोपाल में राजा भोज हवाई अड्डे पर श्रेणी-II इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम का आधिकारिक परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस नई तकनीक से अब विमान भारी बारिश और घने कोहरे में भी सुरक्षित रूप से उतर सकेंगे।
पहले हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के लिए न्यूनतम दृश्यता साढे पांच सौ मीटर आवश्यक थी। दृश्यता इससे कम होने पर उड़ानों में विलम्ब हो जाता था या उन्हें अन्य शहरों की ओर मोड़ दिया जाता था। नई तकनीक से अब विमान साढे तीन सौ मीटर तक की कम दृश्यता में भी सुरक्षित रूप से उतर सकेंगे। इससे उड़ानों के मार्ग परिवर्तन में कमी आने और खराब मौसम में सुचारू उड़ान संचालन सुनिश्चित होने की उम्मीद है।