दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक आधार पार्टी के निस्वार्थ कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से मजबूत हुआ है। उन्होंने नई दिल्ली में भारतीय जनसंघ के 75वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में यह बात कही। इस अवसर पर पार्टी के 80 वर्ष से अधिक आयु के उन सदस्यों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने संगठन की स्थापना और उसे मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रीमती गुप्ता ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने 1951 में ‘एक विधान, एक प्रधान, एक निशान’ के विचार के आधार पर भारतीय जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने कहा कि बाद में उनकी विचारधारा ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की नींव रखी, जिसकी घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2015 में की थी। श्रीमती गुप्ता ने पार्टी के उन कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया जो हमेशा पार्टी के प्रति समर्पित रहे।