दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण- एसआईआर प्रक्रिया 30 जून से शुरू होने जा रही है। चुनाव आयोग ने बताया कि यह प्रक्रिया 29 जुलाई तक जारी रहेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में न रह जाए।
चुनाव आयोग ने बताया कि 20 से 29 जून तक प्रशिक्षण और सामग्री की छपाई की जाएगी। इसके बाद, 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ स्तरीय अधिकारियों-बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। एसआईआर अभियान के लिए दिल्ली में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में वर्तमान में 14 करोड़ 82 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। सत्यापन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए 13 हजार से अधिक बीएलओ तैनात किए जाएंगे।
आयोग ने बताया कि दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक निर्धारित की गई है। दावों और आपत्तियों का समाधान तथा संबंधित नोटिस संबंधी कार्यवाही, 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक होगी। अंतिम मतदाता सूची इस वर्ष 7 अक्टूबर को प्रकाशित होने वाली है।