दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा है कि दिल्ली की सभी मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी संबंधित एजेंसियां अलर्ट पर हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की है। दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर मौजूद हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। कार्यालय ने यह भी कहा है कि दिल्ली सरकार जलभराव की समस्या से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में कल रात मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने दिन में आसमान में बादल छाए रहने और शहर में कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश तथा कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।