दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज कोंडली में गाजीपुर ड्रेन और हिंडन नहर पर नवनिर्मित दो-लेन स्लिप रोड पुल का लोकार्पण और अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पुल की संरचना, यातायात व्यवस्था और क्षेत्र में बेहतर आवागमन के लिए किए गए कार्यों की पुष्टि भी की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का ध्यान ऐसी आधारभूत संरचना विकसित करने पर है, जिसका सीधा और व्यापक लाभ आम नागरिकों को मिले। उन्होंने कहा कि सड़क नेटवर्क को मजबूत करना, यातायात के दबाव को कम करना और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि कोंडली में यह परियोजना बेहतर कनेक्टेड, सुगम और विकसित दिल्ली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में सड़क बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
वहीं, दिल्ली सरकार में लोक निर्माण विभाग मंत्री परवेश साहिब सिंह ने कहा कि कोंडली में गाजीपुर ड्रेन और हिंडन नहर पर नवनिर्मित दो-लेन स्लिप रोड पुल का लोकार्पण क्षेत्र में बेहतर आवागमन और सुगम यातायात की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना से कोंडली, कल्याणपुरी, गाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन का बेहतर विकल्प मिलेगा, साथ ही मौजूदा कोंडली पुल पर यातायात के दबाव और जाम को कम करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह, पटपड़गंज से विधायक रविन्द्र सिंह नेगी और त्रिलोकपुरी से विधायक रवि कांत सहित अन्य लोग और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।