जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण छह दिनों तक स्थगित रहने के बाद वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा आज से पुनः आरंभ हो गई है। कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि बालताल और पहलगाम दोनों मार्गों से यात्रा पुनः शुरू कर दी गई है।
यात्रियों को सुरक्षित तीर्थयात्रा के लिए प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है। इसी बीच, 6 हजार 269 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था आज सुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुआ।
तेज बारिश के कारण लगातार 6 दिन तक निरस्त रही श्री माता वैष्णो देवी यात्रा आज फिर शुरू हुई। हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया कि अधिकारियों द्वारा मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद तीर्थयात्रा फिर शुरू कर दी गई है।
इस मार्ग को तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। इस मार्ग पर लगातार बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने के जोखिम के कारण यात्रा को निरस्त किया गया था।
तीर्थयात्रियों को अपनी यात्रा के दौरान श्राइन बोर्ड और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों तथा सुरक्षा परामर्श का पालन करने और मौसम संबंधी जानकारी से अवगत रहने की सलाह दी गई है।
अधिकारी तीर्थयात्रा के सुरक्षित और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मौसम विभाग ने 28 जुलाई से कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारे पडने का अनुमान व्यक्त किया है।