जम्मू-कश्मीर में, जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहुप्रतीक्षित सुंगल सुरंग को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। इससे राजौरी, पुंछ और नौशेरा के साथ संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। कालीधर रेंज से होकर बनाई गई यह सुरंग लगभग 3 किलोमीटर लंबी है। इसका निर्माण सीमा सड़क संगठन ने किया है। इस सुरंग की मदद से यात्रा की दूरी लगभग 13 किलोमीटर कम हो जाएगी और यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा।
लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह सुरंग अभी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सिर्फ हल्के वाहनों के लिए खुली रहेगी। भारी वाहनों, बसों और माल वाहक वाहनों को आवागमन की अनुमति निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दी जाएगी। सुंगल सुरंग के खुलने और पहले से चालू कंडी सुरंग के साथ, पीर पंजाल क्षेत्र से होकर यात्रा करना सुरक्षित, तेज़ और ज़्यादा सुविधाजनक होने की उम्मीद है।